प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश में मारी गोली, गांव में फोर्स तैनात

आगरा। चित्राहाट के शाहपुर गुर्जर गांव में शुक्रवार सुबह 8.30 बजे उपेन्द्र सिंह उर्फ मालिक यादव को घर के पास ही प्रधानी के चुनाव की रंजिश में गोली मार दी। मौके पर पहुंची चित्राहाट पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। गांव में तनाव के मद्देनजर पुलिस तैनात की गई है।
शाहपुर गुर्जर गांव में उपेन्द्र सिंह उर्फ मालिक यादव की दूसरे पक्ष से प्रधानी के चुनाव की रंजिश चली आ रही है। शुक्रवार सुबह उपेन्द्र सिंह उर्फ मालिक यादव घर से अपने बाड़े में शौच के लिए जा रहे थे। कुछ लोगों ने विवाद में उनके साथ मारपीट कर गोली मार दी। गोली लगते ही लड़खड़ा कर गिरे उपेन्द्र सिंह को देख कर हमलावर मौके से भाग गये। सूचना पर पहुंची चित्राहाट पुलिस ने घायल को जैतपुर सीएचसी पर भर्ती कराया। घायल के सिर से खून बह रहा था। कमर में गोली लगी थी। गंभीर हालत के मद्देनजर उन्हें एंबुलेंस से एसएन मेडीकल कॉलेज आगरा भेज दिया। एसओ चित्राहाट रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रधानी के चुनाव की पुरानी रंजिश में गोली मारी गई है। गांव में पुलिस तैनात है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।