
हाथरस। कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के गांव सरौठ में बुधवार दोपहर गांव के एक सिरफिरे युवक ने एक तरफा प्यार में किशोरी की गोली मारकर हत्या कर दी। उसके बाद खुद को गोली से उड़ाया लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। सादाबाद क्षेत्र के गांव पिपरामई निवासी 19 वर्षीय भोला पुत्र राजन के मां-बाप नहीं हैं। वह करीब 12- 13 साल से गांव सरौठ निवासी बहन के घर रह रहा था। यहीं 12वीं कर रहा था। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे भोला गांव की ही रहने वाली किशोरी के घेर पर पहुंचा। उसके हाथ में तमंचा था। उसने किशोरी के सिर में गोली मार दी। किशोरी वहीं जमीन पर गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद भोला ने खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौके पर मौत हो गई। दोनों के सिर में गोली लगी थी। फायरिंग से वहां हड़कंप मच गया।