
आगरा। छापेमारी का यह उचित समय नहीं। क्योंकि इस समय कारोबारी अपने अत्यधिक प्रयास से अधिकतम बिक्री अर्जित करने का प्रयास करता है। सरकार को टैक्स तो देता ही है। अपने ऊपर निर्भर कामगारों की फौज को भी त्योहारी खुशी में शामिल करता है। गुरुवार को चौबेजी का फाटक एवं जुथाराम फाटक में टैक्स की कार्रवाई के बाद यह प्रतिक्रिया शहर के प्रमुख उद्योग एवं व्यापारिक संगठनों ने व्यक्त की। कारोबारियों का तर्क है कि अप्रत्यक्ष कर संग्रह में लगातार वृद्धि हो रही है। यह कारोबारियों द्वारा इस व्यवस्था में भरोसा जताता है। इस समय ऐसी कार्रवाई से व्यापारियों का मनोबल गिरेगा। वे भविष्य में अपना कारोबार बढ़ाने के लिए उत्साहित नहीं रहेंगे। इन हालातों में शहर की अर्थव्यवस्था प्रभावित होगी।
छापे की टाइमिंग उचित नहीं है। यह समय कारोबार के लिए मुफीद रहता है। धनतेरस में एक हफ्ता भी शेष नहीं। ऐसे में यह कार्रवाई स्थानीय कारोबार का मनोबल गिराने का काम करेगी। टीएन अग्रवाल, अध्यक्ष आगरा व्यापार मंडल